March 7, 2026

IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने संभाला पुलिस आयुक्त का पदभार ; कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के दिए संकेत

0
Screenshot_20260123_184851_copy_800x726

छत्तीसगढ़ – रायपुर में आज से कानून-व्यवस्था का चेहरा पूरी तरह बदल गया है। 23 जनवरी 2026 से रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली औपचारिक रूप से लागू हो गई है। इसी के साथ शहर को अपना पहला पुलिस आयुक्त भी मिल गया है। 2004 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाल लिया।

डॉ. संजीव शुक्ला ने जीई रोड स्थित नए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर सभी एसीपी, डीसीपी समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पदभार संभालते ही उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के संकेत दिए।

डॉ. संजीव शुक्ला का जन्म 08 जनवरी 1967 को हुआ। वे 2004 बैच के IPS अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा की शुरुआत उन्होंने वर्ष 1990 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के माध्यम से की थी। शुरुआत में उनका चयन राज्य पुलिस सेवा (SPS) में हुआ और बाद में पदोन्नति के जरिए वे भारतीय पुलिस सेवा में आए।

डॉ. संजीव शुक्ला ने राजधानी रायपुर के दुर्गा कॉलेज से एमकॉम की पढ़ाई पूरी की। छात्र जीवन के दौरान वे छात्र राजनीति में भी काफी सक्रिय रहे। पढ़ाई के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और संगठन कौशल ने उनके प्रशासनिक करियर की नींव मजबूत की।

अपने सेवाकाल में डॉ. संजीव शुक्ला ने दुर्ग जिले में करीब 7 वर्षों तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। बाद में वे दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक भी रहे। इस दौरान उनकी छवि एक सख्त, अनुशासित और अपराध पर कड़ा प्रहार करने वाले अधिकारी की बनी। संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर उनके फैसलों की काफी चर्चा रही।

दुर्ग के बाद डॉ. शुक्ला को बिलासपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया। यहां उन्होंने कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वे CID के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed