बड़ी खबर ; पहले पुलिस कमिश्नर बने IPS संजीव शुक्ला, कई रेंज और जिलों में IPS अफसरों के तबादले
छत्तीसगढ़ – रायपुर में पुलिस व्यवस्था ने एक नए दौर में प्रवेश कर लिया है। पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के साथ ही राज्य सरकार ने कई अहम प्रशासनिक फैसलों पर मुहर लगाई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और निर्णय प्रक्रिया को तेज करना बताया जा रहा है।
राज्य शासन ने 2004 बैच के वरिष्ठ संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। इससे पहले वे पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज के पद पर पदस्थ थे। उनके पास लंबे समय का प्रशासनिक और मैदानी अनुभव है, जिसे देखते हुए उन्हें राजधानी जैसे संवेदनशील शहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी आदेश के तहत 2007 बैच के IPS अधिकारी रामगोपाल गर्ग को पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज बनाया गया है। वहीं अभिषेक शांडिल्य को राजनांदगांव रेंज से पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून-व्यवस्था देख रहे बालाजी राव सोमावर को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज नियुक्त किया गया है।
कमिश्नरी सिस्टम के तहत रायपुर में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त की भी नियुक्ति की गई है। 2009 बैच के IPS अधिकारी अमित तुकाराम कांबले को कांकेर से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, रायपुर नगरीय बनाया गया है। यह पद राजधानी की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
राज्य सरकार ने कई जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए हैं। लाल उमेद सिंह को रायपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर पदस्थ किया गया है। वहीं शशि मोहन सिंह को जशपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही दिव्यांग पटेल को रायगढ़ से पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर बनाया गया है।
कमिश्नरी प्रणाली के तहत रायपुर नगरीय क्षेत्र में पुलिस उपायुक्तों की भी तैनाती की गई है। उमेश प्रसाद गुप्ता को पुलिस उपायुक्त (मध्य), संदीप पटेल को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), और मयंक गुर्जर को पुलिस उपायुक्त (उत्तर), रायपुर नगरीय बनाया गया है। इसके अलावा विकास कुमार को पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) और राजनाला स्मृतिक को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर), रायपुर नगरीय नियुक्त किया गया है।
श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर से हटाकर पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण बनाया गया है। वहीं 2022 बैच की IPS अधिकारी इंदु अग्रवाल को नगर पुलिस अधीक्षक, आजाद चौक से पुलिस सहायक आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय पदस्थ किया गया है।

