पुलिस कमिश्नरी सिस्टम, आज हो सकती है नए कमिश्नर की तैनाती, रेस में दुर्ग आईजी गर्ग और लाल उमेद सिंह – विजय अग्रवाल को जॉइंट पुलिस कमिश्नर नियुक्त किए जाने की संभावना
छत्तीसगढ़ – रायपुर में कानून-व्यवस्था के संचालन को लेकर एक बड़ा और अहम प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। 23 जनवरी से रायपुर जिले में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी पुलिस कमिश्नरी सिस्टम के दायरे में लाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक फैसलों में तेजी आएगी।
सूत्रों के अनुसार विधि विभाग से सहमति मिलने के बाद गृह विभाग की ओर से अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। मंजूरी मिलते ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। यह भी चर्चा है कि आज कैबिनेट बैठक में नए पुलिस कमिश्नर के नाम पर मुहर लग सकती है, जिससे व्यवस्था को तुरंत लागू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया जा सकता है। वहीं, लाल उमेद सिंह और विजय अग्रवाल को जॉइंट पुलिस कमिश्नर नियुक्त किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि एक जॉइंट कमिश्नर शहरी क्षेत्र और दूसरा ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेगा, जिससे बेहतर निगरानी और नियंत्रण संभव हो सकेगा।
पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद कई ऐसे अधिकार, जो अभी तक जिला प्रशासन के पास थे, सीधे पुलिस कमिश्नर को सौंप दिए जाएंगे। सरकार की दलील है कि इससे अपराध पर नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेना आसान होगा। हालांकि शस्त्र लाइसेंस और आबकारी से जुड़े अधिकार फिलहाल इस व्यवस्था से बाहर रखे गए हैं।

