March 7, 2026

छत्तीसगढ़: SDM की मौजूदगी में मंच पर परोसी गई अश्लीलता, Video हुआ वायरल, कलेक्टर ने SDM को हटाया

0
5154670-untitled-27-copy-1_copy_800x723

छत्तीसगढ़ – गरियाबंद जिले में अश्लील डांस के आयोजन को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल गांव में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम के दौरान मंच पर कराए गए अश्लील डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम को उनके पद से हटा दिया है। साथ ही उन्हें कलेक्टोरेट अटैच करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियों में लापरवाही या संलिप्तता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए अपर कलेक्टर के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया है। यह समिति आयोजन की अनुमति, कार्यक्रम के संचालन और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट सीधे संभागायुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

जानकारी के अनुसार आयोजन समिति ने मनोरंजन कार्यक्रम का हवाला देकर मैनपुर एसडीएम से अनुमति ली थी। शुरुआती दो दिन तक कार्यक्रम सामान्य रहा, लेकिन तीसरे दिन से ओडिशा से बुलाई गई बार डांसरों द्वारा अर्धनग्न अवस्था में अश्लील डांस कराया जाने लगा। यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए और मामला तूल पकड़ गया।

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब यह सामने आया कि आयोजन स्थल पर खुद एसडीएम तुलसी दास मरकाम मौजूद थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अश्लील डांस देखा और इसका आनंद लिया। इतना ही नहीं, वीडियो में अफसरों, पुलिसकर्मियों और रसूखदार लोगों द्वारा खुलेआम पैसे लुटाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी फैजुल शाह के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर दो पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। 10 तारीख को मिली लिखित शिकायत के बाद आयोजक देवानंद राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (3) (5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 10 तारीख को ही आयोजन बंद करवा दिया था।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक मंचों पर अश्लीलता और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद और भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed