March 7, 2026

छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ में सात साल बाद बैठक, सामने आए बहुत गड्ढे, पाटने में लगेगा समय ; अध्यक्ष भोजराम देवांगन

0
IMG_20260105_145259_copy_800x673

( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर – छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित में वर्षों बाद प्रशासनिक हलचल देखने को मिली। करीब सात साल बाद विभाग की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष भोजराम देवांगन, एमडी श्याम धावड़े, सचिव एम.एम. जोशी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में मेधावी छात्रों की छात्रवृत्ति, गणवेश वितरण सहित विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने कहा कि यह उनकी पहली बैठक है और मीडिया व विभागीय दस्तावेजों के माध्यम से उन्हें संघ में गंभीर अनियमितताओं और गड़बड़ियों की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि विभाग में बहुत गड़बड़ियां हैं, इन्हें पाटने में समय लगेगा। सभी मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री और मंत्री को भेजी गई शिकायत, करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप

इसी बीच हाथकरघा संघ में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विभागीय मंत्री गजेन्द्र यादव को शिकायत भेजी गई है। शिकायत में निजी फर्मों और कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों को संरक्षण देकर शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

रिजेक्टेड कपड़े पर 70 लाख से अधिक का भुगतान

शिकायत के अनुसार, हैदराबाद की मारुति कोटेक्स लिमिटेड द्वारा हाथकरघा संघ के लिए कपड़ा डाइंग, प्रोसेसिंग और प्रिंटिंग का कार्य किया गया। आरोप है कि फर्म ने 60,236 मीटर बाहरी/रिजेक्टेड कपड़ा संघ के गोदाम में जमा कराया, इसके बावजूद संघ द्वारा ₹62.45 लाख तथा ₹9.08 लाख प्रिंटिंग चार्ज का भुगतान कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह भुगतान जानबूझकर किया गया, जिससे शासन को भारी नुकसान हुआ। अब तक उक्त राशि की वसूली भी नहीं की गई है।

महिला स्व-सहायता समूहों को ₹1.92 करोड़ का नुकसान

एक अन्य गंभीर आरोप में कहा गया है कि तत्कालीन गोदाम प्रभारी देवांगन द्वारा 1.28 लाख नग स्कूली ड्रेस महिला स्व-सहायता समूहों से बिना कार्य आदेश के एडवांस में जमा करा ली गई। हैरानी की बात यह है कि आज तक इन समूहों को कोई कार्य आदेश जारी नहीं किया गया, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को लगभग ₹1.92 करोड़ की क्षति हुई।

जांच के संकेत, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

नवनियुक्त अध्यक्ष भोजराम देवांगन के बयान के बाद यह स्पष्ट है कि हाथकरघा संघ के पुराने मामलों की गहन जांच की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए, तो संबंधित अधिकारियों और फर्मों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed