March 7, 2026

SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने वर्ष 2025 का विस्तृत अपराध रिपोर्ट कार्ड किया पेश,आंकड़ों के अनुसार अपराधों में 11 प्रतिशत की आई कमी

0
IMG-20260104-WA0015

छत्तीसगढ़ – रायपुर पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने वर्ष 2025 का विस्तृत अपराध रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच जिले के सभी थानों में कुल 15,885 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 17,703 थी। आंकड़ों के अनुसार कुल अपराधों में करीब 11 प्रतिशत की कमी आई है, जिसे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

एसएसपी डॉ. सिंह के अनुसार वर्ष 2025 में हत्या के कुल 90 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 85 मामलों का सफल खुलासा किया गया। इन मामलों में पुलिस ने 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं हत्या के प्रयास के 97 मामलों में से 90 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 213 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। औसतन राजधानी में हर चार दिन में एक हत्या का मामला सामने आया, जिसे लेकर पुलिस ने इसे गंभीर चुनौती बताते हुए निरंतर कार्रवाई की बात कही।

आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में डकैती के 7 मामलों में से 6 का खुलासा कर 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लूट के 71 मामलों में 137 आरोपियों को पकड़ा गया, जो 2024 के मुकाबले कम हैं। चोरी के मामले भी घटकर 1,442 रह गए, जबकि 2024 में यह संख्या 1,497 थी। नकबजनी के मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे साफ है कि संपत्ति से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण मजबूत हुआ है

नशे के खिलाफ चलाए गए अभियानों के तहत वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के 271 मामलों में 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की। एसएसपी ने बताया कि कई आरोपी अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े थे, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

साइबर अपराध के मोर्चे पर भी रायपुर पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 8,680 ऑनलाइन ठगी की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई गई, जबकि 90 लाख रुपये से ज्यादा की रकम पीड़ितों को वापस दिलाई गई। सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और अवैध गतिविधियों से जुड़े 95 से अधिक पोस्ट हटवाए गए और फर्जी आईडी ब्लॉक की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed