झीरम हत्याकांड पर जेपी नड्डा के बयान से विवाद, कांग्रेस प्रवक्ता तिवारी ने FIR की मांग, DGP और SP को सौपी गई प्रतिलिपि
रायपुर – छत्तीसगढ़ में राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। जांजगीर में आयोजित एक जनसभा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कथित बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। झीरम हत्याकांड का जिक्र करते हुए दिए गए इस बयान को कांग्रेस ने आपत्तिजनक बताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला करार दिया है। इसी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने जांजगीर थाने में लिखित आवेदन देकर जेपी नड्डाके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक को भी सौंपी गई है। तिवारी का आरोप है कि जनसभा के दौरान दिए गए कथित बयान में कांग्रेस और नक्सलियों के बीच सांठगांठ का संकेत दिया गया, जो न केवल तथ्यहीन है बल्कि बेहद गंभीर और भ्रामक भी है।

झीरम हत्याकांड छत्तीसगढ़ की राजनीति का सबसे संवेदनशील अध्याय रहा है और इस पर इस तरह की टिप्पणी से न केवल पीड़ित परिवारों की भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी जाता है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस बयान से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

