March 6, 2026

विधायक रोहित साहू के सक्रिय प्रयासों से संवरेगा राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग, 147 करोड़ रुपए स्वीकृत, आम जनता में खुशी की लहर

0
PSX_20260101_194520_copy_800x753

छत्तीसगढ़ – राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की सक्रियता और मेहनत का लाभ पूरे विधानसभा क्षेत्र की जनता को लगातार मिल रहा है। उनके सकारात्मक प्रयास से विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कड़ी जुड़ गई है। विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप राजिम से फिंगेश्वर होते हुए महासमुंद तक के 35 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन के लिए शासन द्वारा 146.86 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। राजिम को महासमुंद से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की काफी समय से मरम्मत की मांग की जा रही थी। इस मार्ग के उन्नयन से गरियाबंद और महासमुंद दोनों जिलों के निवासियों को आवागमन में बड़ा लाभ मिलेगा और राजिम और महासमुंद के बीच का सफर भी सुरक्षित हो जाएगा जिससे समय और संसाधन की बचत होगी।इस महत्वपूर्ण परियोजना से दोनों जिलों के अनेक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा और विकास को नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन हेतु विधायक रोहित साहू ने विगत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर जनभावनाओं से अवगत कराते हुए प्रमुखता से उन्नयन की मांग रखी थी जिस पर राज्य शासन से केंद्र सरकार को पत्र प्रेषित किया था और अब जाकर इसकी प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।

लंबे समय से चल रही मांगों को अब लगेगा विराम


क्षेत्र की जनता द्वारा वर्षों से की जा रही मांग को अब विधायक रोहित साहू के प्रयासों के बाद विराम लगेगा। विदित हो कि यह मार्ग काफी जर्जर हो चुका था जिससे अनेक लोग हादसे के शिकार हुए हैं। जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक रोहित साहू लगातार इस मार्ग की स्वीकृति के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने शासन स्तर पर मजबूती से अपनी बात रखी, जिसका परिणाम अब सामने आए हैं। स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त कर विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त किया है और इसे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया है। इस मार्ग के बनने से 35 किमी लंबे मार्ग का कायाकल्प होगा तथा राजिम-महासमुंद के बीच आवागमन और भी आसान होगी। विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति के लिए डबल इंजन की सरकार को धन्यवाद दिया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले समय में अन्य लंबित कार्यों को भी शीघ्रता और तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस स्वीकृति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के जितने भी लंबित मांग हैं वह सभी अब क्रमशः पूरे हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास कार्यों के लिए कोई कमी नहीं होगी। सुशासन के लिए प्रतिबद्ध भाजपा सरकार ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है और इन्हीं अच्छी सड़कों से आम जनजीवन में सुशासन का प्रवेश हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल गति से विकास कार्य हो रहा है जिसका प्रत्यक्ष लाभ राजिम विधानसभा की जनता को रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed