धर्मांतरण विवाद के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद का असर,बस्तर से रायपुर तक दिखा असर
छत्तीसगढ़ – कांकेर धर्मांतरण मामले को लेकर छत्तीसगढ़ में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने बुधवार को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया है, जिसे चैंबर ऑफ कॉमर्स का भी समर्थन मिला है। बंद का असर राजधानी रायपुर समेत कांकेर और बस्तर अंचल में भी देखने को मिल रहा है।
जगदलपुर में मुख्य मार्ग व्यापारी कल्याण संघ ने जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया और इस संघ से जुड़े व्यापारियों ने जब अपनी दुकानें खोल लीं, जब चैंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारी दुकानें बंद कराने पहुंचे तो विवाद हो गया। मुख्य व्यापारी कल्याण संघ से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि चैंबर ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी।
जगदलपुर में बंद को लेकर व्यापारिक संगठनों के बीच दो-फाड़ की स्थिति दिखाई दी। मुख्य मार्ग व्यापारी कल्याण संघ से जुड़े कुछ दुकानदारों द्वारा दुकान खोले जाने की खबर के बाद बवाल हो गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया।
उधर, बस्तर चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बंद का पूरा समर्थन किया। इसके बावजूद मुख्य मार्ग व्यापारी कल्याण संघ ने इसे न मानते हुए दुकानें खोलने का निर्णय लिया, जिससे नाराज हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने इसका विरोध किया। शहर के मेन रोड में डेढ़ घंटे तक विवाद चलता रहा और जाम की स्थिति बनी रही।

