March 7, 2026

हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर छापा; गांजा, शराब और डेढ़ लाख कैश जब्त, छापे की भनक लगते ही वह पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा

0
raipur-news-2025-12-21-12-40-54

रायपुर – राजधानी में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच ने आधी रात बड़ी दबिश दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर शनिवार की दरमियानी रात छापा मारा गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, शराब और डेढ़ लाख रुपये नकद जब्त किए हैं, जबकि मुख्य आरोपी रवि साहू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

सूत्रों के अनुसार क्राइम ब्रांच की 20 सदस्यीय टीम ने सुनियोजित तरीके से रवि साहू के घर को चारों ओर से घेरकर छापा मारा। उस समय रवि घर पर ही मौजूद था और सो रहा था, लेकिन छापे की भनक लगते ही वह पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से उसके साथी मोहम्मद रफीक को पकड़ लिया।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी मोहम्मद रफीक की तलाशी ली, जिसमें उसके बैग से सट्टा-पट्टी से जुड़े कागजात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा घर की तलाशी के दौरान अवैध शराब और गांजा भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रवि साहू के खिलाफ अब तक 79 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, चाकूबाजी, तस्करी और जुआ-सट्टा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वह कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है, लेकिन हर बार जेल से बाहर आते ही दोबारा अवैध गतिविधियों में सक्रिय हो जाता है।

बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने इसी दौरान मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस के अनुसार मुकेश पिछले करीब एक महीने से फरार है और उसकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

छापेमारी के बाद कोतवाली पुलिस देर रात तक मामले की कार्रवाई में जुटी रही। इस दौरान कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार हिस्ट्रीशीटर रवि साहू को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed