छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : करीब एक दर्जन IAS अफसरों का तबादला,कई जिलों के कलेक्टर बदले
रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने IAS अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की है। इस फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, इनमें सरगुजा, कोरबा, दंतेवाड़ा, सुकमा, बेमेतरा और नारायणपुर शामिल हैं। वहीं नगर निगम, जिला पंचायत और मंत्रालय स्तर पर भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरगुजा कलेक्टर भोसकर विलास को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।

सरकार के आदेश के अनुसार, अजित बसंत को प्रमोशन करके सरगुजा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कहा जा रहा है कि रामविचार नेताम की नाराजगी के बाद सरगुजा कलेक्टर हटाए गए हैं। वहीं कुणाल दुदावत को कोरबा जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
देवेश कुमार ध्रुव को दंतेवाड़ा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण दंतेवाड़ा में प्रशासनिक संतुलन और विकास कार्यों की बड़ी जिम्मेदारी रहती है।
इसी तरह नम्रता जैन को नारायणपुर की कलेक्टर बनाया गया है। बताया जा रहा है कि केदार कश्यप की नाराजगी के बाद नारायणपुर कलेक्टर हटाई गई हैं। आपको बता दें कि नम्रता जैन दंतेवाड़ा की ही रहने वाली हैं। नारायणपुर भी आदिवासी और संवेदनशील जिला है।

प्रतिष्ठा ममगाई को बेमेतरा जिले की कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं अमित कुमार को सुकमा जिले का कलेक्टर बनाया गया है। अमित कुमार पहले नगर निगम कमिश्नर बिलासपुर के पद पर थे।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रकाश कुमार सर्वे को बिलासपुर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा गजेंद्र ठाकुर को धमतरी जिला पंचायत के सीईओ के रूप में पदस्थ किया गया है।
राज्य सचिवालय स्तर पर भी बदलाव किया गया है। रोमा श्रीवास्तव को मंत्रालय में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिहाज से यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है

