IPS प्रखर पांडेय का हार्ट अटैक से निधन; CID में DIG के पद पर थे,कई जिलों के पुलिस कप्तान रहे…
छत्तीसगढ़- पुलिस के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय का आज दोपहर करीब 4:15 बजे आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें भिलाई में अचानक हृदयघात आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल रायपुर के प्रतिष्ठित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारी, कर्मचारी और प्रशासनिक महकमे से जुड़े लोग इस खबर से स्तब्ध हैं।
आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक, डीआईजी, सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। वे एक कर्मठ, अनुशासित और संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई जटिल और संवेदनशील मामलों को गंभीरता और निष्पक्षता से संभाला।
आईपीएस प्रखर पांडेय के निधन पर छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उनका असमय जाना पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और मानवीय अधिकारी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

