केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ पहुंचे, बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में होंगें शामिल
रायपुर – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रदेश में होने वाले बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होना इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य है।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह माना एयरपोर्ट से सीधे मेफेयर रिसोर्ट रवाना हुए, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे रिसोर्ट में आयोजित आरक्षित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने उनके प्रवास को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
अमित शाह शनिवार को दोपहर 1:50 बजे रायपुर से जगदलपुर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और 2:35 बजे वहां पहुंचेंगे।
उनका मुख्य कार्यक्रम बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में भाग लेना है, जो शाम 2:45 बजे से 4:45 बजे तक चलेगा।
बस्तर ओलंपिक पिछले वर्षों में बस्तर क्षेत्र की संस्कृति, खेल प्रतिभा और लोक कला को एक मंच पर लाने वाला सबसे बड़ा आयोजन बन चुका है। हजारों खिलाड़ी और स्थानीय लोग इसमें भाग लेते हैं।
अमित शाह इस आयोजन में खिलाड़ियों और अधिकारियों को संबोधित करेंगे, जिसके लिए बस्तर में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।

