नक्सली मुठभेड़ में घायल जवान आशीष शर्मा की इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
राजनांदगांव – जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच चली मुठभेड़ में घायल जवान आशीष शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम नियमित सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान जंगल में पहले से छिपे नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमले के जवाब में संयुक्त बल ने मोर्चा संभाला और कई घंटों तक दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग चलती रही। मुठभेड़ के दौरान जवान आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। टीम ने उन्हें तुरंत डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

