30 हजार रिश्वत लेते इंजीनियर गिरफ्तार,पुलिया भुगतान के लिए रिश्वत की मांग,ACB ने घर से दस्तावेज किए जब्त
छत्तीसगढ़ – सुकमा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ACB जगदलपुर की टीम ने छिंदगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में पदस्थ सब इंजीनियर प्रदीप बघेल को 30,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई अचानक होने से क्षेत्र के सरकारी अफसरों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे आरईएस कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में की गई। टीम को शिकायतकर्ता की ओर से जानकारी मिली थी कि सब इंजीनियर, चियूरवाड़ा पंचायत में निर्माणाधीन पुलिया के भुगतान के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। शिकायत की प्राथमिक पुष्टि के बाद ACB ने ट्रैप प्लान तैयार किया और तय राशि कैश हैंडओवर के दौरान सब इंजीनियर को पकड़ लिया।

ACB ने उसके घर से राशि, संबंधित फाइलें, दस्तावेज, मोबाइल फोन और संभावित लेनदेन रिकॉर्ड की जांच के लिए जब्त कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपित इंजीनियर ने भुगतान प्रक्रिया में अटकाव का दबाव बनाने की बात सामने आई है। अधिकारी जल्द ही डिजिटल लेनदेन, पुराने भुगतान फाइलों और अन्य टेंडर संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच कर सकते हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि सरकारी सिस्टम और ग्रामीण विकास योजनाओं में कोई भी कर्मचारी अथवा अधिकारी रिश्वतखोरी में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ और भी कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्रवाई से अब अन्य निर्माण कार्यों में पारदर्शिता आने की उम्मीद है।

