नवा रायपुर में पीएम मोदी का दौरा,भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू,दो हजार जवानों की सुरक्षा ड्यूटी
छत्तीसगढ़ – आगामी 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवा रायपुर प्रवास को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दिन प्रदेश स्थापना दिवस और राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे नवा रायपुर में ट्रैफिक और सुरक्षा की सख्त व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं।
1 नवंबर को नवा रायपुर में सुबह से ही भारी वाहनों और यात्री बसों की आवाजाही पर रोक रहेगी। आम लोगों के मार्ग भी बदले जाएंगे ताकि प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कोई बाधा न हो। माना एयरपोर्ट से सेक्टर-24 स्थित नवीन स्पीकर हाउस तक का रूट पूरी तरह बंद रहेगा। प्रधानमंत्री का रूट पूरी तरह “क्लीन ज़ोन” घोषित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा की कमान एडीजी दीपांशु काबरा के हाथों में होगी। उनके साथ पांच आईजी, 12 डीआईजी और करीब 2000 पुलिस जवान नवा रायपुर में तैनात रहेंगे। हर कार्यक्रम स्थल पर आईजी रैंक के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है ताकि किसी भी स्थिति में सुरक्षा में चूक न हो।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान आम यात्रियों को एयरपोर्ट की पुरानी बिल्डिंग से आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। दूसरी ओर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग और अभनपुर दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और मार्ग सुचारू रहे।
नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में इस वर्ष बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए 16 अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें 10 हजार बाइक, 5 हजार बसें और 3 हजार कारें पार्क हो सकेंगी। पार्किंग से मेला स्थल तक लोगों को पहुंचाने के लिए 100 ई-रिक्शा और बसें निशुल्क चलेंगी।

