नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या, रिश्ते में मामा-भांजा
छत्तीसगढ़ – बीजापुर में माओवादियों ने एक बार फिर अपनी बर्बरता दिखाई है। उसूर थाना क्षेत्र के नेलाकांकेर गांव में शुक्रवार की रात नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान रवि कट्टम और तिरुपति सोढ़ी रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा और पड़ोसी थे। नक्सलियों ने दोनों को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियार से मार डाला।
यह घटना उस समय हुई जब कुछ दिन पहले ही प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा बीजापुर और उसूर क्षेत्र के दौरे पर आए थे। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और विकास कार्यों की समीक्षा के बाद यह वारदात माओवादियों की बौखलाहट का संकेत मानी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि माओवादी सुरक्षाबलों की बढ़ती मौजूदगी और ग्रामीणों के सहयोग से नाराज हैं, इसी कारण बदले की भावना से हत्या की गई है।
पुलिस जांच में प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि माओवादी दोनों ग्रामीणों पर सुरक्षाबलों को सूचना देने का शक कर रहे थे। बताया गया कि तिरुपति सोढ़ी 8वीं पास और किसान था, जबकि रवि कट्टम 12वीं पास था और दोनों का बीजापुर मुख्यालय एवं आवापल्ली क्षेत्र में आना-जाना था। पुलिस और सुरक्षाबल घटनास्थल के आसपास सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

