तीन इनामी समेत 8 नक्सली गिरफ्तार,टिफिन बम और डेटोनेटर सामग्री बरामद
बीजापुर – छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। थाना बासागुड़ा पुलिस और सीआरपीएफ 168वीं बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में तीन इनामी नक्सलियों समेत कुल आठ माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई बीजापुर जिले के पुतकेल से पोलमपल्ली मार्ग पर की गई, जहां सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना के आधार पर नक्सल गतिविधियों की खबर मिली थी।
गिरफ्तार नक्सलियों में कोसा सोड़ी पर 2 लाख, जबकि जय सिंह माड़वी और मड़काम अंदा पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। ये तीनों सक्रिय रूप से कमलापुर और नेण्ड्रा आरपीसी के संगठन से जुड़े हुए थे। साथ ही पकड़े गए अन्य पांच माओवादी भी विभिन्न माओवादी शाखाओं जैसे मिलिशिया और आर्थिक शाखा से जुड़े थे। सुरक्षाबलों ने सभी को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार नक्सलियों के पास से सुरक्षाबलों ने टिफिन बम, डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, कार्डेक्स वायर, बैटरियां, बिजली के तार, गड्ढा खोदने के औजार और बड़ी मात्रा में नक्सली विचारधारा से जुड़े पाम्फलेट और बैनर बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से साफ है कि ये माओवादी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
नक्सल उन्मूलन अभियान के परिणाम
राज्य सरकार की सख्त नीति और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियानों ने नया मोड़ ले लिया है। पिछले डेढ़ वर्षों में नक्सली मोर्चे पर 1,428 आत्मसमर्पण और 400 से अधिक माओवादियों के मारे जाने की घटनाएं दर्ज हुई हैं। बीजापुर जिले में ही हाल ही में 103 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया था, जो राज्य में अब तक का सबसे बड़ा आत्मसमर्पण माना जा रहा है।

