April 24, 2026

रायपुर में 43 लाख रुपये के अवैध पेट्रोल-डीजल जब्त,9 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,फरार संचालकों की खोज जारी

0
IMG-20251003-WA0006_copy_800x450

रायपुर – पुलिस ने अवैध डीजल और पेट्रोल के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 46,840 लीटर डीजल-पेट्रोल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 43 लाख रुपये है। यह छापेमारी थाना विधानसभा क्षेत्र के रिंग रोड नंबर 03 पर दो अलग-अलग यार्डों में की गई, जिनके संचालक अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

दरअसल एक अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि रायपुर के टेकारी चौक और पिरदा चौक इलाके में दो यार्डों में अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल जमा किया गया है। रेंज साइबर थाना रायपुर और थाना विधानसभा की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों जगहों पर छापेमारी की।

टेकारी चौक के यार्ड से 15,300 लीटर पेट्रोल और 31,000 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 42.9 लाख रुपये है। इसके साथ ही तीन ट्रक टैंकर, एक चाडी और दो प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए गए।

पिरदा चौक के सूरज शाह के यार्ड से 1,500 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1.4 लाख रुपये है। इस यार्ड से भी एक ट्रक टैंकर, एक चाडी और दो प्लास्टिक पाइप जब्त किए गए।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी रवि यादव, नीरज नेताम उर्फ दउवाराम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र कुमार उर्फ बिहारी, राज पटेल, अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास ज्वलनशील पदार्थों के संग्रहण और बिक्री के वैध दस्तावेज नहीं थे। दोनों मामलों में थाना विधानसभा में धारा 287 बी.एन.एस., आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने अवैध ईंधन के साथ प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब फरार संचालकों की तलाश में जुटी है और इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई से अवैध ईंधन की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है और राज्य में ईंधन से जुड़े अपराधों पर नकेल कसने की कोशिशें तेज हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed