March 6, 2026

छत्तीसगढ़: वरिष्ठ भाजपा नेता ननकीराम कंवर 4 अक्टूबर को करेंगे CM हाउस का घेराव,भ्रष्ट और हिटलरशाही कोरबा कलेक्टर के खिलाफ छेड़ी जंग

0
nankiram-kawar (1)

छत्तीसगढ़ – राज्य के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर सीधी लड़ाई छेड़ दी है। कंवर ने साफ कहा है कि अब वे 4 अक्टूबर को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ धरना देंगे।

ननकीराम कंवर ने आरोप लगाया कि कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत “भ्रष्ट और हिटलरशाही प्रशासक” की तरह काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे इस मामले में पहले ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और कई मंत्रियों को पत्र लिख चुके हैं। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कंवर ने पत्र में यह भी लिखा कि अजीत वसंत के खिलाफ उन्होंने 14 बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन जांच तक नहीं शुरू की गई। इससे यह साफ है कि सरकार में बैठे कुछ आईएएस अफसर मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं और भ्रष्ट अधिकारियों को बचा रहे हैं।

22 अगस्त को भी लिखा था पत्र

यह विवाद नया नहीं है। 22 अगस्त को भी ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। तब उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरने पर बैठेंगे। अब कंवर ने अपनी चेतावनी को हकीकत में बदलने का ऐलान कर दिया है।

कंवर का कहना है कि जब उनके जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही तो आम जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का क्या हाल होगा, यह आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े अधिकारी सरकार को गुमराह कर रहे हैं और लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।

4 अक्टूबर को होगा प्रदर्शन

ननकीराम कंवर ने रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को लिखे पत्र में कहा कि वे 4 अक्टूबर को सीएम हाउस के सामने धरना देंगे। इसके लिए उन्होंने प्रशासन से अनुमति भी मांगी है। इस ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक और बड़ा टकराव सामने आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed