कबड्डी मैच के दौरान करंट लगने से हादसा,तीन दर्शकों की मौत, 3 घायल
छत्तीसगढ़ – कोंडागांव में कबड्डी मैच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को अचानक आए तूफान से हाईटेंशन बिजली का तार टेंट के लोहे के पोल से टकरा गया। इससे करंट फैल गया। इस हादसे में तीन दर्शकों की मौत हो गई और कई लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को विश्रामपुरी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक घटना देर रात को बड़ेराजपुर विकास खंड के रावसवाही गांव में कबड्डी मैच के दौरान हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचित किया गया। साथ ही घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में करीब 6 लोगों को लाया गया था। इनमें से 3 की मौत हो गई। तीन का इलाज जारी है।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सतीश नेताम, श्यामलाल नेताम और शुनील शोरी के रूप में हुई है। वहीं, तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आधुनिक चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया गया है। विश्रामपुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।

