10 जिलों में ED की छापेमारी,भिलाई में सुबह से दबिश जारी,140 करोड़ से ज्यादा का कस्टम मिलिंग स्कैम
छत्तीसगढ़ – बहुचर्चित कस्टम मिलिंग स्कैम मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुरूवार सुबह प्रदेश के 10 जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की गई। इसी कड़ी में भिलाई के हुडको क्षेत्र में ईडी की चार सदस्यीय टीम ने दबिश दी।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम सुबह 6 बजे ही भिलाई पहुंच गई थी। टीम ने यहां दस्तावेजों की जांच शुरू की और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ी हुई है।
इस पूरे मामले को लेकर अब तक की जांच में 140 करोड़ रुपए से अधिक का घोटाला सामने आ चुका है। ईडी को संदेह है कि मिलिंग में अनियमितताओं के जरिए सरकारी धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया।
इस घोटाले में ईडी पहले ही पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच एजेंसी इससे जुड़े और लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

