March 6, 2026

जर्जर मकान की दीवार ढहने से युवक की दर्दनाक मौत: सीसीटीवी आया सामने

0
Screenshot_20250908_132000_copy_1280x544

बालोद – गुंडरदेही थाना क्षेत्र के चैनगंज गांव में एक युवक की मौत उस समय हो गई जब वह अचानक कच्चे मकान की गिरती दीवार की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।

मृतक की पहचान विनय कुमार चंदनिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनय अपने बड़े पापा के घर से पास की दुकान जा रहा था। घर से करीब 20 कदम ही निकला था कि अचानक एक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और विनय उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घबराकर मदद के लिए दौड़े।

गंभीर हालत में विनय को पहले गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए भिलाई हाईटेक हॉस्पिटल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि विनय के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसकी वजह से उसे बचाया नहीं जा सका।

मृतक विनय का परिवार उसकी बहन का इलाज कराने के लिए कोकपुर से चैनगंज आया हुआ था। घटना वाले दिन भी परिवार भिलाई जाने की तैयारी कर रहा था। लेकिन इसी बीच यह हादसा हो गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

वीडियो सामने आने के बाद मृतक के परिजनों ने उस मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसकी दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। परिजनों ने गुंडरदेही पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed