1 सितंबर से बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा,रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन का ऐलान
छत्तीसगढ़ – राजधानी और जिले में सड़क हादसों में लगातार हो रही मौतों को रोकने के लिए अब पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बड़ी पहल की है। यह निर्णय प्रशासन या पुलिस का नहीं, बल्कि खुद एसोसिएशन का है। एसोसिएशन ने फैसला किया है कि 1 सितंबर से बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। यानी अब दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा, वरना पेट्रोल पंप पर उनकी गाड़ी में ईंधन नहीं डाला जाएगा।
पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने डिप्टी सीएम अरुण साव और रायपुर कलेक्टर को लिखित सूचना देकर कहा है कि
- बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा।
- पंपों पर झगड़ा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
- पुलिस और प्रशासन भी इस मुहिम में सहयोग करेंगे।
एसोसिएशन अध्यक्ष अखिल धगत का कहना है कि यह अभियान सिर्फ रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में लागू होगा।
पिछले 7 महीनों में रायपुर जिले में सड़क हादसों की वजह से गंभीर स्थिति बनी रही। यह आंकड़े बताते हैं कि क्यों यह नियम सख्ती से लागू करना जरूरी है।
- 214 मौतें सिर्फ हेलमेट न पहनने की वजह से हुईं।
- 150 से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें से कई जीवनभर के लिए अपंग हो गए।
- हाल ही में SSP ने भी आदेश जारी किया था कि बिना हेलमेट नई बाइक की डिलीवरी न की जाए।
कुछ साल पहले भी ऐसा नियम लाया गया था कि हेलमेट के बिना पेट्रोल नहीं मिलेगा। लेकिन लोग हेलमेट उधार लेकर पेट्रोल भरवाने लगे और फिर लौटा देते थे। इस बार एसोसिएशन खुद आगे आया है, ताकि नियम को सख्ती से लागू किया जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
कई लोग मानते हैं कि यह कदम जागरूकता बढ़ाएगा और दुर्घटनाएं कम होंगी। हालांकि कुछ लोग इसे असुविधाजनक बता रहे हैं। लेकिन ज्यादातर लोगों का कहना है कि “जान है तो जहान है”

