माना कैम्प में स्वच्छता अभियान को मिला समर्थन,व्यापारियों के साथ किया महत्वपूर्ण बैठक
रायपुर/माना – नगर पंचायत माना कैम्प ने आज स्थानीय हाट बाज़ार और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों के व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए व्यापारियों का सहयोग प्राप्त करना था।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में, मछली, चिकन, मटन और सब्ज़ी विक्रेताओं सहित सभी व्यावसायिकों से अपील की गई कि वे अपने व्यवसाय से निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर न फेंकें। इसके बजाय, उन्हें यह वेस्टेज नगर पंचायत की कचरा संग्रहण गाड़ी में डालने का आग्रह किया गया।

इस पहल पर, सभी उपस्थित व्यापारियों ने पूर्ण सहयोग देने की सहमति जताई। बैठक में यह भी तय हुआ कि नगर पंचायत की गाड़ियां अब शाम के समय भी सभी वाणिज्यिक क्षेत्रों, जैसे हाट बाज़ार, कपड़ा मार्केट, किराना मार्केट और मुख्य मार्गों पर कूड़ा उठाने के लिए नियमित रूप से जाएंगी। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यापारी अपने परिसर का कचरा बाहर न फेंके।

इस बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपाई के साथ-साथ नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे। यह कदम नगर पंचायत माना कैम्प द्वारा स्वच्छता को प्राथमिकता देने और नागरिकों व व्यापारियों के साथ मिलकर एक स्वच्छ और बेहतर शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

