दिनदहाड़े 15 लाख की लूट: लुटेरों ने कारोबारी को बनाया निशाना, राजधानी पुलिस मौके पर
रायपुर – राजधानी में आज एक बड़ी वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। पंडरी कापा फाटक के पास नकाबपोश बाइक सवार दो लुटेरों ने दिनदहाड़े 15 लाख रुपये और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
इस वारदात ने न केवल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि व्यापारियों में भी दहशत का माहौल बना दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोरवेल कारोबारी चिराग जैन अपने ऑफिस जा रहे थे। जैसे ही वे पंडरी कापा फाटक के पास पहुंचे, दो अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोका।
बातचीत के दौरान आरोपियों ने अचानक उन पर हमला किया और उनके पास मौजूद 15 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी की अंगूठी और चैन लूट ली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित चिराग जैन के मुताबिक, जिस बाइक पर आरोपी सवार थे, उसकी नंबर प्लेट पर कोई पंजीकरण नंबर नहीं था। उसकी जगह अंग्रेजी में BOSS लिखा हुआ था। यह जानकारी पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद कर सकती है।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मोवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और संभावित भागने के रास्तों पर नजर रखी जा रही है।
साथ ही, आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।
इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की वारदातें रोकी जा सकें।

