कुख्यात तोमर बंधुओं के ऑफिस पर चला बुलडोजर,वीरेंद्र और रोहित कई वर्षों से सूदखोरी का चला रहे थे काला कारोबार
छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई ने शहर के चर्चित सूदखोरों पर बड़ी चोट की है। भाटागांव इलाके में बने रोहित और वीरेंद्र तोमर के अवैध ऑफिस को आज बुलडोजर से गिरा दिया गया। यह वही दफ्तर था जहां से दोनों भाई वर्षों से सूदखोरी का काला कारोबार चला रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, यह ऑफिस हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर ने अपनी पत्नी भावना तोमर के नाम पर खोल रखा था। यह निर्माण पूरी तरह से अवैध था और किसी भी अधिकृत नक्शे की मंजूरी नहीं ली गई थी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले सामान बाहर निकाला, फिर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहाने की कार्रवाई की।

किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की स्पेशल टीम ‘प्रहरी’ भी मौके पर तैनात रही। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी थी। लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई को तेजी से अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक रोहित और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ पुरानी बस्ती और तेलीबांधा थानों में कुल 7 मामले दर्ज हैं। इनमें जबरन वसूली , मारपीट, धमकी, और सूदखोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और विशेष टीम के जरिए गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी हैं।
इस कार्रवाई को रायपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। शहर में कानून का डर बनाए रखने के लिए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

