March 7, 2026

पोते ने ब्लेड से दादा की गला रेतकर की हत्या,अंधविश्वास बना खून की वजह

0
26_03_2024-crime_news_naidunia

कांकेर – भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के भैंसमुंडी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अंधविश्वास के चलते एक युवक ने अपने ही दादा की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी पोते का दावा है कि उसके दादा ने उस पर जादू टोना किया था, जिससे उसकी शादी के 6 साल बाद भी संतान नहीं हो रही थी।

घटना कच्चे पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। मृतक की पहचान श्यामलाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पोते का नाम कने सिंह कांगे है।

घटना की रात श्यामलाल अपनी मुर्गियों की बाड़ी की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान कने सिंह ने वहां पहुंचकर पहले उनका मुंह दबाया और फिर ब्लेड से गला रेत दिया। श्यामलाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।

गंभीर हालत में घायल श्यामलाल ने मरने से पहले लोगों को बताया कि उसका पोता ही उसे मारने आया था। ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन श्यामलाल ने एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

पुलिस को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी की तलाश शुरू की गई और कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे गांव से करीब 1 किमी दूर स्थित एक पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छिपा बैठा था।

पुलिस ने आरोपी को IPC की धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed