स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के पुरस्कार समारोह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश के 7 शहरों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित
नई दिल्ली – स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर पूरे देश में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश के 7 शहरों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह न केवल शासन प्रशासन के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का पल था।

अंबिकापुर नगर निगम को इस बार सुपर स्वच्छता लीग में शामिल किया गया है। 50,000 से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अंबिकापुर की यह वापसी बेहद प्रभावशाली रही है। पिछले कुछ वर्षों में रैंकिंग में गिरावट के बाद नगर निगम ने इस बार कमियों को दूर करते हुए शहर को न केवल साफ-सुथरा बनाया, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
राजधानी रायपुर को इस वर्ष ‘Promising Swachh City’ का खिताब दिया गया है, जो आने वाले समय में स्वच्छता के क्षेत्र में उसकी संभावनाओं और तैयारियों को दर्शाता है। इसके साथ ही रायपुर नगर निगम को Ministerial Award से भी सम्मानित किया जाएगा, जो राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए दिया जाता है।

- बिलासपुर नगर निगम को 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले बड़े शहरों की श्रेणी में सम्मान मिला।
- कुम्हारी नगर पालिका को 20,000 से 50,000 आबादी वाले छोटे शहरों में पुरस्कार दिया गया।
- बिल्हा नगर पंचायत और पाटन व विश्रामपुर को 20,000 से कम आबादी वाली श्रेणी में सराहनीय योगदान के लिए सम्मान मिला।

