विधानसभा मानसून सत्र: विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक,भाजपा की सरकार हर मुद्दे पर तैयार, कांग्रेस के पास अब मुद्दों का अभाव
छत्तीसगढ़ – विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देने के लिए रविवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से मानसून सत्र के दौरान सदन में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी विभागीय मंत्रियों को पूरी तैयारी के साथ सत्र में भाग लेने और विपक्ष के हर सवाल का जवाब तथ्यों के साथ देने के निर्देश दिए गए।

संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा की सरकार हर मुद्दे पर तैयार है, जबकि कांग्रेस के पास अब मुद्दों का अभाव है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की ‘मोटी लाठी’ वाली टिप्पणी को लेकर भाजपा डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब चश्मा और लाठी के अलावा कुछ बचा ही नहीं है, क्योंकि जनता ने उन्हें चलता कर दिया है।
संसदीय कार्यमंत्री ने बताया कि मानसून सत्र की शुरुआत से पहले नया रायपुर में निर्माणाधीन विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही बायोडायवर्सिटी और वेटलैंड संरक्षण पर एक प्रेजेंटेशन भी होगा।

