माना कैंप में अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने में भारी अनियमितता, सड़कें बनी हादसों का कारण
रायपुर – राजधानी के माना कैंप क्षेत्र में अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइप डालने के बाद सड़क की मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई है। पूरी कॉलोनी की सड़कों को खोदकर केवल ऊपर से मिट्टी डाल दी गई, जिससे अब बरसात में रोजाना वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं।
सबसे ज्यादा दिक्कत 11 ब्लॉक से VIP रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर हो रही है, जहां अब बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश में मिट्टी धंसने से सड़कें कीचड़ और जलजमाव से भर गई हैं, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि नगर पंचायत माना कैंप के जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? जब जनता रोज हादसों का शिकार हो रही है, तो जिम्मेदारों की यह चुप्पी कहीं न कहीं लापरवाही को दर्शाती है।
अमृत मिशन जैसे बड़े विकास कार्यों में इस तरह की अनियमितताएं न केवल परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि जनता की जान-माल को भी खतरे में डालती हैं।

