कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने कहा: नीतीश और TDP मोदी की दो टांग, किसी ने भी पैर खींचा तो गिर जाएगी सरकार
छत्तीसगढ़ – रायपुर में किसान जवान संविधान सभा का आयोजन किया गया। सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब मोदी दो टांगों पर चल रहे हैं। एक टांग नीतीश बाबू तो दूसरी टीडीपी हैं। इनमें से किसी ने भी पैर खींचा तो ये मोदी सरकार गिर जाएगी।
खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा कि शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आते हैं ? क्या यहां उनका घर है या ससुराल ? उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदास साय पर भी तंज कसते हुए कहा, उन्हें बैठने को बोलो तो बैठ जाते हैं, उठने को कहो तो उठ जाते हैं। इतना अपमान झेलने के बाद भी पद से चिपके हुए हैं।
खरगे ने राज्य सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 2025-26 के लिए भाजपा सरकार ने 47 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान थोड़ा भी कर्ज बढ़ता था तो लोग सड़कों पर उतर आते थे। अब वो कहां हैं ?
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार की नीतियों को विफल बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल में अभी तक किताबें नहीं मिलीं और किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। मोदी जी विदेश घूम रहे हैं लेकिन देश के किसानों को डीएपी तक नहीं मिल रही। नकली खाद बांटी जा रही है और षड्यंत्र रचा जा रहा है।

