सरकार उर्वरकों की उपलब्धता पर श्वेत पत्र जारी करे – दीपक बैज
रायपुर – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण सोसायटियों में अभी तक खाद, बीज पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाया है। इस वर्ष डीएपी की 4.50 लाख मीट्रिक टन की जरूरत है, अभी सिर्फ 81 हजार मीट्रिक टन ही उपलब्ध है। मानसून की दस्तक हो चुकी है। अभी तक सोसायटियो में उर्वरक पहुंच जाने चाहिये, किसान चितिंत है। सरकार नहीं चाहता किसान पूरी फसल ले पाये इसी लिये खाद बीज नहीं उपलब्ध करवाया जा रहा, ताकि पैदावार कम हो और कम धान खरीदना पड़े। कांग्रेस मांग करती है कि सरकार उर्वरकों की उपलब्धता पर श्वेत पत्र जारी करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मानसून आ चुका है। खरीफ की रोपाई तथा बुवाई, खाद और बीज की कमी के कारण प्रभावित हो रहा, भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की समस्या का कोई ख्याल नहीं। पूरे प्रदेश में खरीफ फसल के रोपाई और बुवाई चल रही है, लेकिन प्रदेश में खाद और बीज की समुचित व्यवस्था यह सरकार नहीं कर पाई है। प्रदेश के ज्यादातर सोसाइटी में किसानों को डीएपी की कमी से जूझना पड़ रहा है, ज्यादातर स्थानों पर बोनी और थरहा के लिए बीज भी किसानों को नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते किसान परेशान हैं। पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद की उपलब्धता नहीं होने से किसान परेशान हैं। पहले कहा गया डीएपी के बदले एन.पी.के. दिया जायेगा, अब एन.पी.के. की कमी हो गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि किसान भरपूर उपज ले सके। बोनी, रोपाई के समय सबसे ज्यादा आवश्यकता डीएपी खाद और बीज की ही होती है, लेकिन इस सरकार का रवैया शुतुरमुर्ग की तरह है। खरीफ फसल की बुवाई, रोपाई शुरू है लेकिन यह सरकार ना खाद के रेक की व्यवस्था कर पाई है, ना समुचित रूप से कही भंडारण की व्यवस्था की है, सोसायटी में खाद नहीं मिल रहा है।

