March 6, 2026

200 से ज्यादा दुकानों पर छापेमारी, गोगो पेपर-हुक्का फ्लेवर समेत हजारों नशीली वस्तुएं जब्त कर की गई नष्ट

0
Screenshot_20250627_161543_copy_693x907

रायपुर – राजधानी में युवाओं में तेजी से फैलते नशे के प्रचलन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। एएसपी क्राइम संदीप मित्तल के नेतृत्व में पुलिस की 20 से अधिक टीमों ने शहरभर के 200 से अधिक दुकानों, गुमटियों और ठेलों पर एकसाथ छापेमारी की।

अभियान में गोगो पेपर, ई-सिगरेट, हुक्का फ्लेवर, चिलम, गुटखा और अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्री जब्त कर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह पूरा अभियान पुलिस महानिरीक्षक और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाया गया। शहर के प्रमुख इलाकों राजेंद्र नगर, टिकरापारा, गुढ़ियारी, पंडरी, खमतराई, आजाद चौक, सरस्वती नगर और तेलीबांधा को शामिल किया गया।

नशे का सामान बेचते पाए गए 11 दुकानदारों के खिलाफ संबंधित थानों में कोटपा एक्ट और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। संबंधित दुकानों को बंद कराने की कार्रवाई भी की गई।

शंकर नगर स्थित K.K. ट्रेडर्स के गोदाम में भी छापा मारा गया, जहां से 6000 नग गोगो पेपर बरामद किए गए। गोदाम संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी नशे का अवैध कारोबार दिखे, तो वे तुरंत 94792-16156, 94792-11933 या 1933 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह और एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश पांडे के संयोजन में यह अभियान भविष्य में और भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed