स्प्राइट की बोतल में शराब पीते पकड़े गए हेडमास्टर, तत्काल प्रभाव से निलंबित
बालोद – जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शासकीय विद्यालय के प्रधानपाठक को स्कूल परिसर में स्प्राइट की बोतल में शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के चलते जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने तत्काल प्रभाव से प्रधानपाठक को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
घटना बालोद जिले के ग्राम चिपरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की है। मंगलवार को कुसुमकसा भाजपा मंडल अध्यक्ष अचानक विद्यालय निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में तैनात प्रधानपाठक सरजूराम ठाकुर की गतिविधियों पर संदेह जताया। जब उन्होंने जांच की, तो पाया कि हेडमास्टर स्प्राइट की बोतल में छिपाकर शराब का सेवन कर रहे थे। यह हरकत न केवल अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है, बल्कि एक शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायत में बताया गया कि सरजूराम ठाकुर पूर्व में भी शराब पीने के आरोप में निलंबित हो चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें दोबारा उसी स्कूल में बहाल कर दिया गया था, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए ऐसे शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

