March 6, 2026

पुलिस आरक्षक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार

0
road-accident-2-1-sixteen_nine

मुंगेली – जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। पथरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आरक्षक की बाइक को कुचलते हुए ट्रक मौके से फरार हो गया।

मृतक आरक्षक की पहचान राकेश डहरिया के रूप में की गई है। हाल ही में उनकी पोस्टिंग पथरिया थाने में हुई थी। राकेश रविवार की रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से मुंगेली स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान कपुआ-पथरगढ़ी गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक ने बाइक समेत आरक्षक को कुचल दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। राकेश की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed