दो युवतियों समेत चार आरोपी गिरफ्तार, 23 किलो गांजा, मोबाइल और स्कूटी जब्त
रायपुर – नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलघानी नाका चौक के पास स्थित मालधक्का रोड पर गांजा की तस्करी करते हुए चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े गए आरोपियों में दो युवतियां भी शामिल हैं, जो पूरी तरह तस्करी में लिप्त पाई गईं।
जानकारी के अनुसार 19 जून को गंज पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध परिस्थिति में गांजा बेचने की तैयारी में हैं। इसके बाद एटीएस और गंज थाना की संयुक्त टीम ने मालधक्का रोड पर दबिश देकर चारों को घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस ने जब उनके ट्रॉली और पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो अंदर से 23 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
जब्त गांजा का वजन 23 किलो 110 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और एक एक्सेस स्कूटी भी जब्त की गई है। कुल जब्ती की कीमत करीब 4.48 लाख रुपये बताई जा रही है।

