April 25, 2026

नक्सलियों ने मचाया आतंक: सरेंडर नक्सली के परिजनों की हत्या, कई ग्रामीणों को किया अगवा

0
naxali_1458935550 (1)

बीजापुर – जिले के घने जंगलों में बसे पेद्दाकोरमा गांव में मंगलवार की शाम नक्सलियों ने एक बार फिर खौफ का तांडव मचाया। यह इलाका पहले से ही नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात है, लेकिन इस बार मामला और भी ज्यादा गंभीर है।

करीब शाम 4 से 5 बजे के बीच भारी संख्या में नक्सली गांव में घुसे और सरेंडर कर चुके पूर्व नक्सली दिनेश मोडियम के रिश्तेदारों को निशाना बनाया। उन्होंने झिंगु मोडियम, सोमा मोडियम और अनिल माड़वी की बेरहमी से हत्या कर दी।

हत्या के बाद नक्सलियों का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने गांव के करीब 7 अन्य ग्रामीणों को बंधक बनाया और बीच गांव में लाठियों से जमकर पिटाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों की हालत काफी गंभीर थी।

इसके बाद नक्सली कुछ ग्रामीणों को अगवा करके अपने साथ जंगल की ओर ले गए। कितने लोगों को अगवा किया गया है, इसकी सटीक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही बीजापुर पुलिस हरकत में आई और टीम को गांव की ओर रवाना किया गया। फिलहाल किसी अधिकारी ने घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति की पूरी जानकारी पुलिस टीम के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।

पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *