रेलवे स्टेशन की पार्किंग में दिनदहाड़े मारपीट और चाकूबाजी, बदमाशों ने स्टाफ से गल्ला छीना
छत्तीसगढ़ – रायपुर में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला रायपुर रेलवे स्टेशन की पार्किंग का है, जहां तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े पार्किंग स्टाफ से मारपीट और चाकूबाजी की।
गंज थाना क्षेत्र में आने वाली इस जगह पर बदमाश जबरदस्ती पैसे का गल्ला छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे। जब पार्किंग स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे हॉकी स्टिक, डंडों और चाकू से हमला करने लगे। घटना से पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया।
इस हमले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में पीली, गुलाबी और नीली टी-शर्ट पहने तीन युवकों को देखा जा सकता है। पहले एक बदमाश पार्किंग स्टाफ से गाली-गलौच और धक्का-मुक्की करता है।
फिर बाकी दो साथी भी हमला करने लगते हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बदमाश चाकू लेकर स्टाफ पर वार करता है, वहीं दूसरे उसे हॉकी और डंडों से पीटते हैं।
हमले के बाद सभी पार्किंग कर्मचारी गंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

