March 6, 2026

सांसद बृजमोहन अग्रवाल को सौंपा नया दायित्व: FCI छत्तीसगढ़ परामर्शदात्री समिति के बनाए गए अध्यक्ष – केंद्र सरकार

0
Brijmohan_Agrawal__Member_of_Parliament_1735920377

छत्तीसगढ़ – वरिष्ठ भाजपा नेता और रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें भारतीय खाद्य निगम यानी एफसीआई की छत्तीसगढ़ परामर्शदात्री समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अधीन हुई है।

बृजमोहन अग्रवाल ने इस नई जिम्मेदारी के लिए भारत सरकार, मंत्रालय और भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए गर्व और उत्तरदायित्व दोनों का प्रतीक है।

अग्रवाल ने कहा कि एफसीआई जैसी संस्था का परामर्शदात्री निकाय सिर्फ एक समिति नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जो खाद्यान्न की खरीद, भंडारण और वितरण प्रणाली से जुड़ी होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ के किसानों और खाद्य वितरण व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराने में एफसीआई की बड़ी भूमिका होती है। मैं इस संस्था के माध्यम से जनता की सेवा को और भी प्रभावशाली बनाने का प्रयास करूंगा।

एफसीआई छत्तीसगढ़ परामर्शदात्री समिति का अध्यक्ष बनने के बाद अग्रवाल ने संकेत दिए कि अब राज्य में खाद्यान्न वितरण प्रणाली को और पारदर्शी बनाने के लिए नीतिगत सुधारों पर भी काम होगा। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग तक सस्ते और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचाने की दिशा में वे ठोस योजनाएं बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed