नक्सली हिड़मा गिरफ्तार, फोर्स ने भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक किया जब्त
रायपुर – ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बॉर्डर वाले इलाके में पुलिस और फोर्स को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। कोरापुट जिले में चलाए गए एक स्पेशल नक्सली ऑपरेशन के दौरान लंबे समय से फरार चल रहा माओवादी लीडर कुनजम हिड़मा उर्फ मोहन पकड़ा गया है।
ये ऑपरेशन कोरापुट पुलिस और जिला स्वयंसेवी बल (DVF) ने मिलकर किया। गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी जब्त किए हैं। इनमें AK-47 राइफल, 35 राउंड गोलियां, 117 डेटोनेटर, बारूद, रेडियो, चाकू और नक्सली लिटरेचर शामिल हैं।
कुनजम हिड़मा एरिया कमेटी मेंबर रैंक का माओवादी है। इसे लंबे समय से ढूंढा जा रहा था, क्योंकि ये कई नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता है। पुलिस ने उसे उस वक्त पकड़ा जब वो राज्य की सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था।
अब सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। उम्मीद है कि उससे नक्सलियों के नेटवर्क, उनके ठिकानों और आगे की योजनाओं को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
ओडिशा पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताया है। बसवा राजू के बाद हिड़मा की गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी मुहिम में दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल करने में मदद मिलेगी।

