March 7, 2026

तेज रफ्तार कार की खड़ी हाईवा से टक्कर, बैंक मैनेजर के माता-पिता समेत तीन की मौत

0
bhilai-sadak-hadsa-topchand.com_

छत्तीसगढ़ – शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कांकेर के भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर चंदन अभिषेक के माता-पिता समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बैंक मैनेजर, उनकी पत्नी और 6 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नेशनल हाईवे-53 पर तुमगांव के पास हुआ। चंदन अभिषेक अपने परिवार के साथ झारखंड के बोकारो से रायपुर लौट रहे थे। कार को चला रहे ड्राइवर ईश्वर ध्रुव को रात करीब डेढ़ बजे झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी हाईवा से टकरा गई।

हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही चंदन अभिषेक के पिता अवध किशोर पांडेय, माता चित्रलेखा पांडेय और ड्राइवर ईश्वर ध्रुव की मौत हो गई। कार के अंदर फंसे शवों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

बैंक मैनेजर चंदन अभिषेक, उनकी पत्नी खुशबू और बेटा ध्रुव अभिषेक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने फिलहाल हाईवा चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed