शिक्षकों के समायोजन का बढ़ा विवाद, शिक्षक संघ मंत्रालय का करेंगे घेराव
छत्तीसगढ़ – शिक्षक युक्तिकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सरकार भले ही दावा कर रही हो कि इससे स्कूल बंद नहीं होंगे और शिक्षकों के पद समाप्त नहीं किए जाएंगे, लेकिन शालेय शिक्षक संघ इस नीति को अन्यायपूर्ण बताते हुए 28 मई को मंत्रालय का घेराव करेगा।
शालेय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने बताया कि उनका विरोध उन स्कूलों में शिक्षक भेजने के खिलाफ नहीं है जो एकल शिक्षक या शिक्षक विहीन हैं। उनका असली विरोध इस बात को लेकर है कि 2008 के सेटअप की तुलना में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में एक-एक शिक्षक कम किया जा रहा है।
दुबे का कहना है कि शिक्षा विभाग आरटीई एक्ट 2009 का इस्तेमाल एक ढाल की तरह कर रहा है, जबकि यह कानून केवल न्यूनतम मापदंड तय करता है, अधिक संसाधन या शिक्षक नियुक्त करने से नहीं रोकता। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में विषयवार शिक्षक व्यवस्था को हटाकर शिक्षा की गुणवत्ता को कमजोर किया गया है।
राज्यभर के 23 शिक्षक संगठनों ने मिलकर एक साझा मंच तैयार किया है, जो 28 मई को रायपुर स्थित मंत्रालय का घेराव करेगा। इस आंदोलन में शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षित बेरोजगारों और पालकों से भी जुड़ने की अपील की गई है।

