April 29, 2026

अधूरे स्काई वॉक प्रोजेक्ट को दी नई जान, पुराने डिजाइन पर फिर से शुरू होगा निर्माण

0
26_12_2022-skywalk_in_raipur

रायपुर – पिछले आठ वर्षों से अधूरा पड़ा और विवादों में घिरा स्काई वॉक प्रोजेक्ट अब फिर से गति पकड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस अधूरे काम को पूरा करने का फैसला लिया है।

लोक निर्माण विभाग ने इस प्रोजेक्ट के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है और नया ठेका भी जारी कर दिया गया है।

वर्षों से खड़े अधूरे ढांचे को अब पी.एस.ए.ए. कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. रायपुर पूरा करेगी। इस कंपनी ने ₹31.41 करोड़ की अनुमानित लागत से करीब 20.17% अधिक, यानी ₹37,75,70,682 की दर से निविदा भरी थी, जिसे शासन ने स्वीकृति दे दी है।

वित्तीय मंजूरी के साथ-साथ सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि कार्य पूर्व स्वीकृत ड्राइंग और डिजाइन के अनुसार ही प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा।

इस प्रोजेक्ट को सबसे पहले साल 2017 में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में मंजूरी मिली थी। लेकिन साल 2019 में कांग्रेस सरकार के आने के बाद इसे रोक दिया गया। उस समय तक लगभग 70% काम पूरा हो चुका था। इसके बाद सुझाव समिति बनी, जिसने पांच वर्षों में केवल चर्चाएं कीं, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया।

इस बीच नगर निगम ने स्काई वॉक के पिलर पर वर्टिकल गार्डन लगाया, पेंटिंग करवाई, लेकिन ढांचा कमजोर होता चला गया। अब साय सरकार के निर्णय से उम्मीद है कि राजधानी को जल्द ही उसका बहुप्रतीक्षित स्काई वॉक मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *