March 7, 2026

बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 3 की मौत, 25 घायल, 7 की हालत गंभीर

0
Screenshot_2025-05-15-19-42-41-07_f69d2d4a32b4f77b91ec4b2292b7ef16_copy_888x536

बलरामपुर – जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंठी घाट में बारातियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई।

हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्ची, एक युवक और एक महिला शामिल हैं। इस हादसे में लगभग 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बस शंकरगढ़ से बारात लेकर झारखंड जा रही थी। बस जैसे ही कंठी घाट के पास पहुंची, ड्राइवर का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और बस गहरी खाई में गिरते हुए पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस गिरते ही चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही चांदो पुलिस थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के लिए सभी को चांदो के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

चांदो स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, 7 गंभीर रूप से घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज बलरामपुर जिला अस्पताल में किया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बच सकी।

बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed