निर्दलीय पार्षद समेत दो गिरफ्तार, पाकिस्तान-दुबई के सटोरियों से जुड़ा है नेटवर्क
रायपुर – राजधानी पुलिस की क्राइम ब्रांच और तिल्दा थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्दलीय पार्षद बब्बन लालवानी और उनके पिता नंदलाल लालवानी को गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी गैरजमानती धाराओं के तहत की गई है। पुलिस को दोनों की तलाश लंबे समय से थी, क्योंकि वे ‘गजानंद एप’ से जुड़े सट्टा नेटवर्क में शामिल थे।
जांच में सामने आया है कि रायपुर में फैले इस ऑनलाइन सट्टा रैकेट की डायरेक्ट लिंक पाकिस्तान और दुबई से जुड़ी हुई है। तिल्दा के वार्ड क्रमांक 03 से पार्षद चुना गया बब्बन लालवानी इस नेटवर्क का अहम सदस्य है। पुलिस ने इनके पास से सट्टे के लेन-देन का रिकॉर्ड और बड़ी रकम भी बरामद की है।
नंदलाल लालवानी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य सट्टा गैंग का भी भंडाफोड़ किया है, जो पैनल सट्टा चला रहा था। इससे पहले, सितंबर 2023 में सट्टे की रकम को लेकर हुई एक मारपीट की घटना में भी नंदलाल का नाम सामने आया था, जिसमें उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
तिल्दा थाना प्रभारी सत्येन्द्र श्याम ने बताया कि ‘गजानंद एप’ से जुड़ी सट्टेबाजी में पहले भी कई आरोपियों पर कार्रवाई हो चुकी है। लेकिन पुराने प्रकरण में पार्षद बब्बन लालवानी और उनके पिता फरार थे। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात दोनों को पकड़ा गया और कड़ी धाराओं में गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सट्टा नेटवर्क की पूरी श्रृंखला को खंगाल रही है। संभावना है कि इस केस में और भी बड़े नाम सामने आएं। डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग डिटेल्स को खंगाला जा रहा है।

