रेत खदान बंद कराने की मांग, आक्रोशित ग्रामीण CM हाउस घेराव के लिए रवाना
धमतरी – ज़िले के मगरलोड ब्लॉक स्थित गिरौद रेत खदान को बंद कराने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीण पदयात्रा करते हुए सीएम हाउस की ओर रवाना हुए, ताकि अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी कई बार जिला प्रशासन को आवेदन और निवेदन कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई। लगातार अनसुनी होने के कारण अब लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
जैसे ही ग्रामीण बड़ी संख्या में पदयात्रा पर निकले, प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। SDM कुरूद, तहसीलदार और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और साफ कह रहे हैं कि जब तक खदान बंद नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेत खदान की वजह से गांव में धूल, शोर और ट्रकों की आवाजाही से भारी परेशानी हो रही है। खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों की जिंदगी मुश्किल हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन से उन्हें कोई मदद नहीं मिली, इसलिए अब वे मुख्यमंत्री से सीधे न्याय की उम्मीद लेकर राजधानी रायपुर की ओर कूच कर रहे हैं।

