कर्रेगुट्टा में नक्सली मुठभेड़ में 22 से ज्यादा नक्सली ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद
छत्तीसगढ़ – बीजापुर ज़िले में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन कर्रेगुट्टा में सुरक्षाबलों ने अब तक की सबसे बड़ी सफलता दर्ज की है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक, 22 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया गया है। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। ऑपरेशन अभी भी जारी है।
इस कार्रवाई में DRG, कोबरा कमांडो, STF और CRPF (CG Naxal Encounter) की संयुक्त टीम ने जबरदस्त तालमेल दिखाते हुए नक्सलियों को करारा जवाब दिया। करीब 16 दिनों से चल रहे इस सर्च ऑपरेशन ने आज बड़ा रूप लिया, जब कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर घिरे नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक हमला किया गया।
ड्रोन कैमरों से मिले वीडियो में पहाड़ी की चोटी से वर्दी पहने नक्सली भागते हुए नजर आ रहे हैं, जो इस ऑपरेशन की गंभीरता और सफलता को दर्शाते हैं।
बड़ी संख्या में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, ऑटोमेटिक हथियार, और कई नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने पहले भी 4 नक्सलियों को मार गिराया था, और अब 18 से अधिक शव बरामद होने से यह आंकड़ा 22 पार पहुंच गया है।
इस ऑपरेशन को बीजापुर के इतिहास में सबसे बड़ी एंटी-नक्सल कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। इलाके में लगातार सर्चिंग जारी है। बीजापुर SP और आला अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए हैं। सभी शवों को हेलिकॉप्टर और वाहनों की मदद से जिला मुख्यालय लाया जा रहा है।

