‘ऑपरेशन सिंदूर’ में निर्दोष नागरिकों का रखा गया ध्यान’, प्रेस ब्रीफिंग में बोलीं कर्नल सोफिया, जानिए और क्या कुछ कहा….
दिल्ली – पहलगाम आतंकी हमले का भारतीय सेना ने बदला लेते हुए बुधवार को पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर उन्हें तबाह कर दिया। भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान में बने आतंकवादी शिविरों पर सटीक हमला किया गया। ये आतंकी ठिकाने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में मौजूद थे।
सेना की इस एयर स्ट्राइक को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिया गया है। ये एयरस्ट्राइक उन आतंकी ठिकानों पर की गई, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी। सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार एयर स्ट्राइक में कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। भारतीय सेना की ओर से कहा गया है कि एयर स्ट्राइक में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि मार्च 2025 में जम्मू कश्मीर के चार जवानों की हत्या की गई थी। उन्हें पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकी कैंप में ट्रेंड किया गया था। मुंबई आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों के ठिकानों को भी टारगेट किया गया। ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्ज किया गया था। इस कार्रवाई में 9 आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और पूरी तरह से इसे बर्बाद किया गया।” कर्नल सोफिया ने मीडिया को संबोधित करते हुए पाकिस्तान और PoJK में मुंद्रिके और अन्य आतंकवादी शिविरों पर कई हमलों को दिखाते हुए वीडियो प्रस्तुत किए।

