प्यून से रुका वेतन जारी करने बाबू ने मांगी थी रिश्वत, ACB ने 10 हजार लेते पकड़ा
रायगढ़ – शिक्षा विभाग के हेड क्लर्क पर बड़ी कार्रवाई हुई है। वेतन रिलीज करने के नाम पर 20 हजार की रिश्वत मांगने वाले हेड क्लर्क को ACB ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी क्लर्क एमएस फारूखी सोमवार को रिश्वत की दूसरी किस्त ले रहा था।
यह पूरा मामला खरसिया क्षेत्र के हालाहुली माध्यमिक शाला में पदस्थ प्यून उसुराम केंवट से जुड़ा है। उसका वेतन साल 2014 से 2017 तक का रुका हुआ था। कई बार आवेदन के बाद भी जब कुछ नहीं हुआ, तो उसने हाईकोर्ट की शरण ली। कोर्ट से वेतन भुगतान का आदेश तो मिला, लेकिन विभाग के हेड क्लर्क एमएस फारूखी ने वेतन रिलीज करने के लिए 20 हजार रुपए की मांग कर डाली।
लंबी बातचीत के बाद मामला 15 हजार रुपए में तय हुआ। उसुराम ने पहले 5 हजार रुपए एडवांस दे दिए, लेकिन फिर भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद उसने एसीबी में शिकायत की।
सोमवार को जब फारूखी दूसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपए ले रहा था, उसी वक्त एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। अब इस मामले में आगे की जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि इससे पहले एसीबी की टीम ने मामले की जांच की थी। जांच सही पाए जाने पर एसीबी ने जाल बिछाया और तय की गई जगह पर घेराबंदी कर ली और दूसरी किस्त लेते हुए बाबू को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

